सरिया में माले का शक्ति प्रदर्शन, हजारों कार्यकर्ताओं ने थाना घेरा

सरिया में माले का शक्ति प्रदर्शन, हजारों कार्यकर्ताओं ने थाना घेरा

डीजे न्यूज,सरिया,गिरिडीह : प्रखंड प्रशासन के खिलाफ भाकपा-माले का आक्रोश मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन के रूप में सामने आया। पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में माले कार्यकर्ताओं ने सरिया हाई स्कूल मैदान से थाना तक विशाल विरोध मार्च निकाला। इसके बाद कार्यकर्ता थाना के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शनकारियों के हाथों में बैनर और तख्तियां थीं। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। “सरिया बीडीओ होश में आओ”, “सरिया प्रशासन जुल्म करना बंद करो” और “बीडीओ ललित नारायण तिवारी पर मुकदमा दर्ज करो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।

थाना गेट पर आयोजित धरना को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि सरिया प्रखंड प्रशासन ग्रामीणों के साथ अन्याय कर रहा है और निर्दोष लोगों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने मांग की कि बीडीओ ललित नारायण तिवारी के खिलाफ विधिवत मुकदमा दर्ज किया जाए तथा ग्रामीणों पर दर्ज कथित फर्जी और बेबुनियाद मुकदमों को तत्काल वापस लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, धरना जारी रहेगा।

थाना परिसर के बाहर बड़ी संख्या में माले कार्यकर्ताओं के जुटे रहने से प्रशासनिक महकमे में हलचल रही। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल की तैनाती की गई।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top