करियर, अनुशासन और सतर्कता के मंत्र से अवगत हुए विद्यार्थी

करियर, अनुशासन और सतर्कता के मंत्र से अवगत हुए विद्यार्थी 

 

डीजे न्यूज, धनबाद:

विद्यार्थियों को करियर निर्माण के साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सतर्कता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को विद्यालय में करियर मार्गदर्शन एवं काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कोल इंडिया लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी  ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने दो सत्रों में करीब 400 विद्यार्थियों से संवाद किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्या डोलन चंपा बनर्जी ने किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए त्रिपाठी ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना और उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सफलता केवल अच्छे अंक हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अनुशासन, ईमानदारी, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन और सही निर्णय लेने की क्षमता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

काउंसलिंग सत्र के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थी जीवन में नैतिक मूल्यों और सतर्कता की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि ईमानदारी, जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा जैसी आदतों का विकास बचपन से ही किया जाना चाहिए।

त्रिपाठी ने विद्यार्थियों के साथ सीधे संवाद करते हुए उनके करियर से जुड़े सवालों के जवाब दिए तथा बदलते समय की जरूरतों के अनुरूप अपनी क्षमताओं और कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे।

25 वर्षों का रेलवे सेवा अनुभव

ब्रजेश कुमार त्रिपाठी आईआरएसइ (1996 बैच) के अधिकारी हैं। उन्होंने 16 नवंबर 2022 को ऑल इंडिया लिमिटेड कोलकाता के मुख्य सतर्कता अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला। उन्होंने एम एन इ आर सी, इलाहाबाद से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक तथा आइआइटी दिल्ली से मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी की शिक्षा प्राप्त की है। रेलवे सेवा में करीब 25 वर्षों के दौरान उन्होंने योजना, डिजाइन, परियोजना क्रियान्वयन, प्रशासन, बुनियादी ढांचे के रखरखाव एवं संचालन तथा सतर्कता से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है।

दो सत्रों में आयोजित कार्यक्रम में करीब 400 विद्यार्थियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को करियर के प्रति सजग होने के साथ-साथ जिम्मेदार, अनुशासित और नैतिक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। यह जानकारी विद्यालय के मीडिया प्रभारी अनिल कुमार ने प्रेस को दी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top