पारा मेडिकल छात्रों ने की बकाया मानदेय भुगतान की मांग
डीजे न्यूज, धनबाद: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सेवा दे रहे पारा मेडिकल छात्रों का पिछले छह से सात महीने का मानदेय अब तक नहीं मिला है। मानदेय भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में पारा मेडिकल छात्र सिविल सर्जन कार्यालय पहुंचे। हालांकि, सिविल सर्जन के छुट्टी पर रहने के कारण छात्रों ने सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं और जल्द से जल्द बकाया मानदेय भुगतान की मांग की।
2023-25 बैच के इन छात्रों की सेवा मार्च महीने से शुरू हुई थी। सेवा शुरू हुए करीब छह से सात महीने का वक्त गुजर चुका है, लेकिन अब तक किसी भी छात्र को मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है।
छात्र राम कुमार वर्मा का कहना है कि वे सरकार की बांड आधारित सेवा शर्तों के तहत SNMMCH के अलग-अलग विभागों में टेक्नीशियन के पद पर सेवा दे रहे हैं। इसके एवज में उन्हें प्रति माह 12 हजार रु का मानदेय दिया जाना है । सभी 50 स्टूडेंट्स की सेवा मार्च से ही शुरू है।