सुदिव्य सोनू के निधन पर भावुक हुए इरफान, बोले-अधूरा सपना मिलकर करेंगे पूरा

सुदिव्य सोनू के निधन पर भावुक हुए इरफान, बोले-अधूरा सपना मिलकर करेंगे पूरा
SNMMCH की व्यवस्था पर मंत्री ने कहा- लापरवाही हुई तो किसी को नहीं बख्शेंगे
छात्रों के समर्थन में भाजपा के आंदोलन पर बोले-भीड़ में गुंडे और दंगाई शामिल थे
डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद के असर्फी अस्पताल में इलाजरत अपने रिश्तेदार से मिलने पहुंचे झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू के जाने से जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को झारखंड के लिए बड़ा सदमा बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने भाई और एक ऐसे साथी को खो दिया है, जो हमेशा सुख-दुख में साथ खड़े रहते थे।
उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू का अधूरा सपना मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सभी लोग मिलकर पूरा करेंगे। साथ ही उन्होंने डॉक्टरों और आम लोगों से अपील की कि किसी भी बीमारी को छिपाना नहीं चाहिए, क्योंकि बीमारी के गंभीर होने पर स्थिति संभालना मुश्किल हो जाता है।
धनबाद की स्वास्थ्य व्यवस्था 20 वर्षों से खराब, मेरे पास जादू की छड़ी नहीं
वहीं एसएनएमएमसीएच के सर्जिकल आईसीयू में बिजली नहीं रहने से महिला की मौत के सवाल पर मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है और मीडिया में इसका दुष्प्रचार किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि अगर अस्पताल में किसी भी तरह की लापरवाही सामने आती है तो दोषी किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री ने कहा कि धनबाद की स्वास्थ्य व्यवस्था पिछले 20 वर्षों से खराब रही है और उनके पास कोई जादू की छड़ी नहीं है कि पांच साल में पूरी व्यवस्था को चमत्कारिक तरीके से बदल दें।
छात्र आंदोलन की आड़ में कुछ गुंडे भी थे शामिल
आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई के विरोध में भाजपा के राज्यव्यापी आंदोलन के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन की भीड़ में कुछ भाजपा के लोग शामिल थे और कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भीड़ में शामिल कुछ लोग युवा नहीं बल्कि गुंडे और दंगाई हैं और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top