राजगंज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जन्माष्टमी पर्व
राजगंज: राजगंज के जारमुनई मरचाकोचा में जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण, राधा और गोपियों का रूप धारण कर कार्यक्रम में भाग लिया। बच्चों की मनमोहक वेशभूषा और राधा-कृष्ण के रूप ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान डांडिया और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना रहा। लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया।
इस अवसर पर मुखिया मनोज महतो, रामजी गोप और अर्जुन विश्वकर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे। बच्चों में जन्माष्टमी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। राधा-कृष्ण और गोपियों के रूप में सजे बच्चों ने पर्व की खुशी को और भी खास बना दिया।