धनवार के हर मतदान केंद्र से 30 प्रपत्र-6 जुटाने का लक्ष्य, बीएलओ पर्यवेक्षकों को सख्त निर्देश

धनवार के हर मतदान केंद्र से 30 प्रपत्र-6 जुटाने का लक्ष्य, बीएलओ पर्यवेक्षकों को सख्त निर्देश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को लेकर प्रशासन ने काम में तेजी लाने की कवायद तेज कर दी है। बुधवार को खोरीमहुआ अनुमंडल सभागार में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में 28-धनवार विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ पर्यवेक्षकों की बैठक हुई। बैठक में दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान प्राप्त प्रपत्र-6 और प्रपत्र-8 की प्रगति की समीक्षा की गई।

 

समीक्षा के दौरान बताया गया कि 5 अगस्त से 31 अगस्त तक धनवार विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,496 प्रपत्र-6 प्राप्त हुए हैं। उप विकास आयुक्त ने सभी 48 बीएलओ पर्यवेक्षकों से मतदान केंद्रवार प्रगति की जानकारी ली और नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा की।

 

उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवाओं के अलावा छूटे हुए पात्र नागरिकों, नवविवाहित महिलाओं, नए निवासियों तथा अन्य पात्र लोगों की पहचान कर उनका प्रपत्र-6 प्राप्त किया जाए। साथ ही मतदाता सूची में नाम, जन्मतिथि, पता, फोटो या अन्य विवरणों में संशोधन तथा पता परिवर्तन के लिए प्रपत्र-8 प्राप्त कर बीएलओ ऐप पर समयबद्ध ऑनलाइन प्रविष्टि करने को कहा।

 

उन्होंने सभी बीएलओ पर्यवेक्षकों को क्षेत्र में सक्रिय होकर काम करने और 5 सितंबर तक प्रत्येक मतदान केंद्र से कम से कम 30 प्रपत्र-6 प्राप्त करने का लक्ष्य दिया। मतदान केंद्रवार प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा कर लक्ष्य पूरा कराने का निर्देश भी दिया गया।

 

बैठक में कम अथवा शून्य प्रपत्र-6 वाले मतदान केंद्रों को लेकर विशेष चिंता जताई गई। ऐसे केंद्रों पर घर-घर संपर्क अभियान चलाकर पात्र मतदाताओं की पहचान करने और आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

 

निर्वाचन कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने और जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही के मामले में गावां के पंचायत सचिव कार्तिक विश्वकर्मा का वेतन स्थगित करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं तिसरी के पंचायत सचिव धानेश्वर रविदास, पंचायत सचिव संदीप कुमार रजक, गावां के जनसेवक सामुएल मुर्मू तथा धनवार की श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी दीपिका कुमारी से भी स्पष्टीकरण मांगा गया।

अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ ने सभी पर्यवेक्षकों को मतदान केंद्रवार कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने तथा प्राप्त आवेदनों और दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रशासन ने निर्वाचन कार्य को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top