वेतन कटौती व अनियमित भुगतान को लेकर कंपनी के वाहन चालकों का हंगामा, वार्ता के बाद बनी सहमति
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : गोविंदपुर-साहिबगंज सड़क के फोरलेनिंग कार्य कर रही कंपनी त्रिवेणी इंजिकोन्स के मुख्य गेट के बाहर बुधवार को वाहन चालकों ने वेतन कटौती एवं अनियमित भुगतान को लेकर जमकर हंगामा किया। बड़ी संख्या में चालक शंकरडीह स्थित कंपनी के गेट के बाहर एकत्रित होकर अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। चालकों का आरोप था कि उन्हें समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है तथा विभिन्न कारणों से वेतन में कटौती की जा रही है। कर्मियों और चालकों को हटाने के लिए विभिन्न तरह का आरोप लगाया जाता है।हंगामे की सूचना मिलने पर पूर्वी टुंडी पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। इसके बाद कंपनी प्रबंधन एवं वाहन चालकों के बीच वार्ता हुई। वार्ता के दौरान चालकों की समस्याओं के समाधान को लेकर सहमति बनी। समझौते के बाद चालकों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया और काम पर लौट गए। मौके पर काफी संख्या में वाहन चालक मौजूद थे। इधर कंपनी के कार्य करने की शैली पर स्थानीय जनता परेशान हैं। अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्य से सड़क किनारे दुकान लगाने वाले लोग व व्यवसाय करने वाले लोग प्रभावित हो रहे हैं। जहां -तहां मिट्टी खोदकर छोड़ दिया जा रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि कंपनी द्वारा सिर्फ मिट्टी कटाई का ही काम किया जा रहा है ऐसे में निर्माणाधीन सड़क पर बारिश होने के कारण किचड़ हो जा रहा है। स्थानीय लोगों व जनप्रतिनिधियों ने कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई है।