MMDR विधेयक के विरोध में झामुमो 7 सितंबर को करेगा धरना-प्रदर्शन

MMDR विधेयक के विरोध में झामुमो 7 सितंबर को करेगा धरना-प्रदर्शन

डीजे न्यूज, गिरिडीह : MMDR संशोधन विधेयक के खिलाफ केंद्रीय एवं जिला कमेटी के निर्देश पर रविवार को झामुमो सदर प्रखंड गिरिडीह पूर्वी भाग की बैठक उत्सव उपवन में हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने के साथ आगामी आंदोलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए झामुमो केंद्रीय कमेटी के सदस्य सह झारखंड युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कोलेश्वर सोरेन ने खान एवं खनिज संशोधन विधेयक से झारखंड को होने वाले संभावित आर्थिक नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस विधेयक के प्रावधानों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाकर लोगों को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आगामी 7 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय में प्रस्तावित विशाल धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए अभी से तैयारी शुरू करनी होगी।

जिला सह सचिव दिलीप रजक ने प्रत्येक बूथ पर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है, जिसे राज्य की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रखंड अध्यक्ष प्रधान मुर्मू ने सभी पंचायत अध्यक्षों एवं सचिवों को बूथ स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया।

अंकित सहाय बने झामुमो सदर प्रखंड पूर्वी भाग के मीडिया प्रभारी

बैठक के दौरान झामुमो ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम निर्णय लेते हुए अंकित कुमार सहाय को सदर प्रखंड समिति, पूर्वी भाग का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया। प्रखंड समिति की ओर से उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा गया। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने झामुमो का पट्टा और प्रमाण पत्र देकर उनका स्वागत किया।

मौके पर पार्टी की गतिविधियों एवं नीतियों को मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। नवनियुक्त मीडिया प्रभारी अंकित कुमार सहाय ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा एवं गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने के लिए सक्रियता से कार्य करने की बात कही।

बैठक में केंद्रीय कमेटी सदस्य कोलेश्वर सोरेन, जिला सह सचिव दिलीप रजक, प्रखंड अध्यक्ष प्रधान मुर्मू, प्रखंड सचिव सरफुद्दीन अंसारी, प्रखंड उपाध्यक्ष प्रकाश यादव, गयासुद्दीन बुल्लू, आजाद आलम, विकास तिवारी, राजू तुरी, योगेंद्र सिंह, मो. वारिस, श्यामलाल टुडू, बबलू अंसारी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top