विधायक जयराम महतो के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज, पुलिस एसोसिएशन का अल्टीमेटम खत्म होने के करीब पांच दिन का अल्टीमेटम पूरा होते ही चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी, थाना प्रभारी से कथित गाली-गलौच के मामले में सार्वजनिक माफी की मांग

विधायक जयराम महतो के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज, पुलिस एसोसिएशन का अल्टीमेटम खत्म होने के करीब

पांच दिन का अल्टीमेटम पूरा होते ही चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी, थाना प्रभारी से कथित गाली-गलौच के मामले में सार्वजनिक माफी की मांग

डीजे न्यूज, धनबाद : डुमरी विधायक जयराम महतो और बरवाअड्डा थाना प्रभारी के बीच कथित गाली-गलौच का ऑडियो वायरल होने के बाद विवाद थमने के बजाय लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। विधायक के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने अपना रुख और कड़ा कर लिया है। एसोसिएशन की ओर से दिया गया पांच दिनों का अल्टीमेटम रविवार को चौथे दिन में पहुंच गया, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने से पुलिस संगठन में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

पुलिस एसोसिएशन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अल्टीमेटम की अवधि पूरी होने के बाद भी यदि विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो केंद्रीय संगठन के निर्देश पर चरणबद्ध आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है। हालांकि आंदोलन का अंतिम स्वरूप केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश के बाद तय किया जाएगा।

सोशल मीडिया पर पुलिस की छवि खराब करने का आरोप

एसोसिएशन का आरोप है कि विधायक समर्थकों की ओर से सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे ऑडियो और वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनके जरिए पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन ने इस पर भी कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि को पुलिसकर्मियों के सम्मान और विभाग की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए।

एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो से बरवाअड्डा थाना प्रभारी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग दोहराई है। संगठन का कहना है कि मामले को व्यक्तिगत विवाद के बजाय पुलिसकर्मियों के सम्मान और संस्थागत गरिमा से जोड़कर देखा जाना चाहिए।

चुनाव के समय पुलिसकर्मियों के सहयोग का भी उठाया मुद्दा

पुलिस एसोसिएशन ने विधायक के सामने चार सवाल रखते हुए कहा कि विधायक के चुनाव लड़ने के दौरान कई पुलिसकर्मियों ने निजी स्तर पर आर्थिक सहयोग तक किया था। ऐसे में संगठन का आरोप है कि चुनाव के दौरान सहयोग करने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति बाद में इस तरह की कथित टिप्पणी करना उचित नहीं है।

एसोसिएशन का कहना है कि यदि थाना प्रभारी के साथ किसी बात को लेकर मतभेद था तो उसे संवैधानिक और मर्यादित तरीके से उठाया जा सकता था। कथित गाली-गलौज और उसके बाद पुलिस एसोसिएशन को निशाना बनाए जाने से पुलिसकर्मियों में रोष है।

चार सवालों के जरिए विधायक से जवाब मांग रहा संगठन

पुलिस एसोसिएशन ने विधायक से पूरे घटनाक्रम को लेकर चार सवालों का जवाब मांगते हुए कहा है कि पुलिसकर्मियों के सम्मान से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। संगठन ने संकेत दिया कि अल्टीमेटम खत्म होने के बाद केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आंदोलन की अगली रणनीति घोषित की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top