मईया सम्मान योजना से दर्जनों महिलाओं के नाम कटे पंचायत सचिवालय का चक्कर लगा रहीं लाभुक

मईया सम्मान योजना से दर्जनों महिलाओं के नाम कटे

पंचायत सचिवालय का चक्कर लगा रहीं लाभुक

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
बाघमारा प्रखंड के बौआकला उत्तर पंचायत क्षेत्र की दर्जनों महिलाओं का नाम मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना की सूची से काटे जाने का मामला प्रकाश में आया है। योजना का लाभ दोबारा शुरू कराने को लेकर महिलाएं लगातार प्रखंड कार्यालय और पंचायत सचिवालय का चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
बुधवार को दर्जनों महिलाएं बौआकला उत्तर पंचायत सचिवालय पहुंचीं और अपनी समस्या से संबंधित शिकायत रखी। महिलाओं ने बताया कि उन्हें पूर्व में मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना का नियमित लाभ मिल रहा था। हाल ही में हुए भौतिक सत्यापन के बाद उनका नाम सूची से हटा दिया गया। महिलाओं का आरोप है कि सत्यापन के दौरान गलत तरीके से उनका नाम योजना की सूची से काट दिया गया है, जबकि वे योजना का लाभ लेने के लिए पूरी तरह योग्य और पात्र हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराकर पुनः योजना का लाभ दिलाने की मांग की। महिलाओं ने कहा कि योजना चालू कराने के लिए वे कई दिनों से पंचायत सचिवालय और प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगा रही हैं। इसके बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। लाभुक महिलाओं ने प्रशासन से मामले में शीघ्र जांच कर पात्र महिलाओं के नाम दोबारा सूची में शामिल करने की मांग की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top