नशे के अवैध कारोबार पर बरतें सख्ती : गिरिडीह उपायुक्त 

नशे के अवैध कारोबार पर बरतें सख्ती : गिरिडीह उपायुक्त 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खेती और नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर रोक लगाने को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने सोमवार को जिला स्तरीय नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन कमेटी (NCORD) की बैठक की। समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, प्रतिबंधित मादक फसलों की अवैध खेती और नशीली दवाओं के दुरुपयोग की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और सेवन के खिलाफ जिला प्रशासन की नीति पूरी तरह सख्त है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाने तथा अवैध खेती की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

डीसी ने पुलिस समेत संबंधित विभागों को मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सिर्फ प्रवर्तन कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जागरूकता अभियान भी जरूरी है। युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस और औषधि नियंत्रण विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में औषधि निरीक्षक को नशीली दवाओं के भंडारण और बिक्री की नियमित जांच करने, चिकित्सकीय पर्ची के बिना दवाओं की बिक्री पर रोक सुनिश्चित करने तथा दवा दुकानों के अभिलेखों की जांच करने का निर्देश दिया गया। वहीं, अवैध रूप से चिकित्सकीय गतिविधियां संचालित करने वाले झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी वन प्रमंडल पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top