अभाविप नेता मंटू मुर्मू प्रकरण में नया मोड़, बड़े भाई ने भाजपा पर लगाया राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप

अभाविप नेता मंटू मुर्मू प्रकरण में नया मोड़, बड़े भाई ने भाजपा पर लगाया राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप
डीजे न्यूज, गिरिडीह : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) नेता मंटू मुर्मू के साथ हुई मारपीट के मामले में अब उनके बड़े भाई ने भाजपा पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग उनके भाई को राजनीतिक मोहरा बनाकर इस्तेमाल कर रहे हैं। उसके जरिए झारखंड के आदिवासी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व गिरिडीह के झंडा मैदान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं द्वारा मंटू मुर्मू के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया था। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया।
अब मंटू मुर्मू के बड़े भाई के बयान के बाद इस प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। उन्होंने कहा कि उनके भाई को आगे कर भाजपा राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। उनका आरोप है कि पूरे घटनाक्रम को इस तरह प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके।
मामले को लेकर जिले की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। जहां एक ओर मारपीट की घटना को लेकर विरोध दर्ज कराया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर मंटू मुर्मू के बड़े भाई के आरोपों ने पूरे प्रकरण को एक अलग राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top