सीएम का पुतला दहन करने जा रहे भाजपा नेताओं को प्रशासन ने रोका, जिलाध्यक्ष समेत दर्जनों हिरासत में
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने जा रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रशासन ने रोक दिया। इस दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने जिलाध्यक्ष रंजीत राय समेत दर्जनों भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार गिरिडीह के झंडा मैदान से भाजपा के कार्यकर्ता शहर के टावर चौक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के लिए निकल रहे थे, तभी प्रशासन ने उन्हें रोक दिया। प्रशासन के रोकने पर भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और पुलिस के साथ उनकी तीखी नोकझोंक हुई। घटना के बाद भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश का माहौल है। आक्रोशित कार्यकर्ता सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।