आरबीएसके के विशेष शिविर में 107 बच्चों की हुई जांच
डीजे न्यूज, धनबाद: राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत सदर अस्पताल में चल रहे बच्चों के स्वास्थ्य की जांच एवं उपचार के क्रम में शुक्रवार को विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 107 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
शिविर के नेत्र विभाग में कुल 89 बच्चों की जांच की गई। इनमें 48 बच्चों का रिफ्रैक्शन किया गया। वहीं 4 बच्चों को बेहतर उपचार के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) रेफर किया गया तथा 12 बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए रेफर किया गया। इसके अलावा 25 अन्य मामलों में आवश्यक जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
अन्य विभागों में ऑब्स्टेट्रिक्स एवं गायनेकोलॉजी विभाग में 13, डेंटल विभाग में 4 तथा स्किन विभाग में 1 बच्चे की जांच की गई।
सदर अस्पताल में संचालित इस विशेष आरबीएसके अभियान के माध्यम से बच्चों में आंखों, त्वचा, दांत एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में आवश्यक उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।