जिला नगर विकास भूमि क्रय समिति की बैठक संपन्न

जिला नगर विकास भूमि क्रय समिति की बैठक संपन्न

डीजे न्यूज, धनबाद: जिला नगर विकास भूमि क्रय समिति’ की बैठक मंगलवार को डीसी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें धनबाद नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और ठोस अपशिष्ट के निपटारे के लिए नगर निगम द्वारा कलियासोल अंचल में लगभग 40 एकड़ भूमि पर सेनेटरी लैंडफिल निर्माण की योजना तथा चिह्नित स्थल की विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने कहा कि परियोजना शुरू हो जाने से धनबाद नगर निगम क्षेत्र में उत्पन्न होने वाले ठोस कचरे का निष्पादन पर्यावरणीय मानकों का अनुपालन, वैज्ञानिक तरीके से तथा स्वास्थ्य व्यवस्था बनाए रखते हुए किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस भूमि का चयन करने से पहले बीसीसीएल ने 30 वर्षों तक अथवा खनन कार्य की आवश्यकता तक ही 38 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की शर्त रखी थी। जो इस परियोजना के लिए उपयुक्त नहीं थी। वहीं एफसीआई लिमिटेड से 90 एकड़ भूमि का प्रस्ताव प्राप्त हुआ था। लेकिन एफसीआई लिमिटेड ने अत्यधिक राशि की मांग की। जिसके कारण भूमि का क्रय संभव नहीं हुआ। तत्पश्चात बलियापुर अंचल के रघुनाथपुर में 19.34 एकड़ भूमि निःशुल्क हस्तांतरित की गई। परंतु कुछ अपरिहार्य कारणों से परियोजना का संचालन नहीं हो सका। इसके बाद बलियापुर अंचल के आमझर में 17.81 एकड़ भूमि नगर निगम को निशुल्क हस्तांतरित की गई। जहां वर्तमान में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, नगर आयुक्त आशिष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, डीएलएओ राम नारायण खालको, सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार, गोविंदपुर के अवर निबंधक  मनोजीत प्रसाद, नगर निगम के  आनंद राज व  रूपेश कुमार मिश्रा उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top