देवरी में स्वर्ण व्यवसायी से 3.60 लाख की लूट, फायरिंग के बाद बैग लेकर भागे अपराधी, एक बाइक छूट गई

देवरी में स्वर्ण व्यवसायी से 3.60 लाख की लूट, फायरिंग के बाद बैग लेकर भागे अपराधी, एक बाइक छूट गई
डीजे न्यूज, देवरी, गिरिडीह : देवरी थाना क्षेत्र के पुरनाबथान (घासीडीह) में हथियार के बल पर लूट की बड़ी घटना सामने आई है। बाइक सवार अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाकर 3.60 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली।
घटना रविवार देर शाम करीब 7:45 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार जमडीहा निवासी व्यवसायी श्यामसुंदर स्वर्णकार चतरो स्थित स्वर्ण शांति ज्वेलर्स दुकान बंद कर पुरनाबथान स्थित अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे पुरनाबथान बजरंग मोड़ के पास घर जाने के लिए मुड़े, बाइक सवार अपराधियों ने हथियार दिखाकर उन्हें रोक लिया।
इस दौरान अपराधियों से छीना-झपटी हुई और एक अपराधी ने फायरिंग भी कर दी। फायरिंग के बाद व्यवसायी वहां से हट गए। इसी बीच अपराधियों ने स्कूटी की डिक्की में रखा बैग निकाल लिया। बैग में सोने-चांदी के जेवर, नकद राशि और दुकान की चाबी रखी थी। लूट कर भागने के क्रम में अपराधियों की एक अपाची बाइक घटनास्थल पर छूट गई।
व्यवसायी श्यामसुंदर स्वर्णकार के अनुसार अपराधियों ने कुल 3.60 लाख रुपये की संपत्ति* लूट ली है।
घटना की सूचना मिलते ही गावां अंचल के इंस्पेक्टर रोहित कुमार और देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटना की जानकारी ली।
थाना प्रभारी श्वेता कुमारी ने बताया कि सूचना मिलते ही छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह वाहन चेकिंग कर रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top