100 मीटर तिरंगे के साथ सलैया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

100 मीटर तिरंगे के साथ सलैया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

डीजे न्यूज,पचंबा, गिरिडीह : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सलैया संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में शनिवार को सलैया रेलवे स्टेशन से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। करीब 100 मीटर लंबे तिरंगे को लोगों ने हाथों में थामकर देशभक्ति और एकता का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा सलैया रेलवे स्टेशन से शुरू होकर पचम्बा, कल्याणडीह, गद्दी मोहल्ला, रज्जाक चौक और हटिया रोड होते हुए बुढ़वा तालाब स्थित बैंक्वेट हॉल पहुंची। इस दौरान पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल बना रहा।

गौरतलब है कि सलैया संघर्ष मोर्चा लंबे समय से सलैया रेलवे स्टेशन पर रांची-गोड्डा इंटरसिटी एक्सप्रेस और साप्ताहिक दिल्ली ट्रेन के ठहराव की मांग को लेकर आंदोलन कर रहा है। मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर आंदोलन लगातार तेज किया जा रहा है। इस मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होकर प्रयास आगे बढ़ाने की बात कही गई।

मोर्चा के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस संबंध में सकारात्मक खबर मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सलैया स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग पूरी होने तक संघर्ष और आंदोलन जारी रहेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top