युवा कांग्रेस ने बाबूलाल का जलाया पुतला
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में धांधली के विरोध में शांतिपूर्ण विधानसभा घेराव कर रहे छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रंग देने के खिलाफ युवा कांग्रेस ने गुरुवार को कतरास थाना चौक पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी का पुतला जलाया। नेतृत्व युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव आकाश प्रमाणिक एवं बाघमारा विधानसभा अध्यक्ष शय्यूम खान कर रहे थे। कार्यक्रम में धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष संतोष सिंह भी उपस्थित रहे।
प्रदेश सचिव आकाश प्रमाणिक ने कहा कि भाजपा अपना राजनीतिक भविष्य खतरे में देखकर आपा खो बैठी है। छात्रों के अधिकार एवं उनके भविष्य से जुड़े आंदोलन को राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बाघमारा विधानसभा अध्यक्ष शय्यूम खान ने कहा कि छात्र-छात्राएं अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। उनके आंदोलन को राजनीतिक रंग देना और छात्रों को बरगलाने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है। युवा कांग्रेस छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और उनके आंदोलन को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ खड़े रहना युवा कांग्रेस की जिम्मेदारी है और लोकतांत्रिक तरीके से छात्रों की आवाज को दबाने के हर प्रयास का पुरजोर विरोध किया जाएगा।
मौके पर धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष संतोष सिंह, प्रदेश सचिव आकाश प्रमाणिक, बाघमारा विधानसभा अध्यक्ष शय्यूम खान, जिला उपाध्यक्ष सह बाघमारा विधानसभा प्रभारी तबरेज खान, जिला उपाध्यक्ष विशाल महतो, नगर अध्यक्ष योगेंद्र महतो, जफर इकबाल, जिला उपाध्यक्ष सह बाघमारा विधानसभा प्रभारी अवध नारायण प्रसाद, प्रखंड अध्यक्ष बलराम महतो, नगर अध्यक्ष रंजीत पांडे, सावन सुमन, कौशल सिंह, समीर, तस्लीम, आमिर, राजा अंसारी, असलम, योगेश, उपेंद्र एवं कौशल सहित कई कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।