एसआईआर व मतदाता पंजीकरण को लेकर एचई स्कूल में छात्रों से रूबरू हुए उपायुक्त

एसआईआर व मतदाता पंजीकरण को लेकर एचई स्कूल में छात्रों से रूबरू हुए उपायुक्त

युवा मतदाताओं की लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करना प्राथमिकता : रामनिवास यादव 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने गुरुवार को एचई हाई स्कूल का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की पूरी प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण, Electoral Literacy Club (ELC) तथा युवा मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त, श्री रामनिवास यादव ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे स्वयं मतदाता के रूप में पंजीकृत होने के साथ-साथ अपने परिवार, आसपास के युवाओं एवं पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी और सक्रिय नागरिक भागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि 05 अगस्त 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची का व्यापक स्तर पर अवलोकन कराया जा रहा है। जिन विद्यार्थियों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तथा जो 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे नियमानुसार अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी करें। इस दौरान छात्र-छात्राओं को मतदाता पंजीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेज, संबंधित प्रपत्रों, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया एवं निर्धारित समय-सीमा के संबंध में भी जानकारी दी गई।

उपायुक्त ने कहा कि Electoral Literacy Club (ELC) केवल मतदाता जागरूकता का मंच नहीं, बल्कि युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक दायित्वों एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यालय स्तर पर ELC की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि संस्थानों में नियमित रूप से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, संवाद एवं विशेष अभियान आयोजित किए जाएं तथा सभी पात्र छात्र-छात्राओं का शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जागरूक युवा ही सशक्त लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं। मौके पर सहायक समाहर्ता, श्री यश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top