गढ़ रघुनाथपुर स्वास्थ्य उपकेंद्र में 60 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी, धनबाद :–पूर्वी टुंडी के प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र गढ़ रघुनाथपुर में बुधवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंची करीब 60 गर्भवती महिलाओं की एएनसी (प्रसवपूर्व) जांच की गई। इस दौरान डॉ. विकास राणा ने गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। वहीं स्वास्थ्य उपकेंद्र में काफी देर तक बिजली नहीं रहने के कारण उमस भरी गर्मी में गर्भवती महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी दौरान एक महिला की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्काल महिला को ओआरएस व जूस पिलाकर प्राथमिक उपचार किया, जिसके बाद महिला को होश आया। एएनसी के दौरान सहिया साथी रीता दत्ता, स्वास्थ्य सहिया गीता देवी, एएनएम महारथी टुडू, लैब टेक्नीशियन संजय कुमार, शताब्दी सरकार, एमपीडब्ल्यू ज्वाला पासवान समेत सभी सहियाओं का सक्रिय सहयोग रहा। विदित हो कि हर माह गर्भवती महिलाओं के प्रसव पूर्व यह नियमित जांच होती है जिसमें गर्भवती महिला और गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य का परीक्षण किया जाता है। मुख्य जांचों में आमतौर पर: रक्तचाप और वजन की जांच, हीमोग्लोबिन (खून) की जांच, रक्त एवं मूत्र की जांच, एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी आदि की जांच,पेट की जांच और बच्चे की स्थिति/धड़कन की निगरानी आवश्यक टीकाकरण और आयरन-फोलिक एसिड लेने की सलाह दी जाती है।