सांसद ढुलू महतो के अथक प्रयास से धनबाद को मिली एक और बड़ी रेल सौगात धनबाद–कोयंबटूर के बीच चलेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस, रेलवे बोर्ड ने परिचालन को दी मंजूरी

सांसद ढुलू महतो के अथक प्रयास से धनबाद को मिली एक और बड़ी रेल सौगात

धनबाद–कोयंबटूर के बीच चलेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस, रेलवे बोर्ड ने परिचालन को दी मंजूरी

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद लोकसभा क्षेत्र के यात्रियों के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण रेल सौगात मिली है। धनबाद सांसद ढुलू महतो के लगातार प्रयासों के बाद धनबाद और कोयंबटूर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आदेश में पूर्व मध्य रेलवे के प्रस्ताव के आधार पर ट्रेन संख्या 22363/22364 धनबाद–कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन को स्वीकृति प्रदान की गई है।

सांसद ढुलू महतो धनबाद लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के समाधान को लेकर लगातार रेल मंत्रालय के समक्ष मांग उठाते रहे हैं। सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर धनबाद संसदीय क्षेत्र से नई ट्रेनों के परिचालन, मार्ग विस्तार एवं ट्रेनों की आवृत्ति बढ़ाने की मांग की थी। इसी क्रम में धनबाद–कोयंबटूर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन को मिली मंजूरी धनबाद के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

शनिवार को धनबाद से रवाना होगी ट्रेन

रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार ट्रेन संख्या 22363 धनबाद–कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को धनबाद जंक्शन से शाम 4:10 बजे रवाना होगी और सोमवार को शाम 6:30 बजे कोयंबटूर पहुंचेगी।

वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 22364 कोयंबटूर–धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार को कोयंबटूर से सुबह 7:50 बजे रवाना होगी और गुरुवार को दोपहर 1:00 बजे धनबाद जंक्शन पहुंचेगी।

इस ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव धनबाद तथा द्वितीयक रखरखाव कोयंबटूर में किया जाएगा।

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव

धनबाद–कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस के निर्धारित ठहरावों में न्यू वेस्ट केबिन, मानिकपुर, जुझारपुर, बल्हारशाह और रेणिगुंटा शामिल हैं। इसके अलावा रेलवे बोर्ड के आदेश में ट्रेन के निर्धारित मार्ग पर विभिन्न महत्वपूर्ण स्टेशनों को वॉटरिंग एवं अन्य परिचालन संबंधी सुविधाओं के लिए भी चिन्हित किया गया है।

यह ट्रेन धनबाद को दक्षिण भारत के महत्वपूर्ण औद्योगिक शहर कोयंबटूर से सीधे जोड़ेगी। इससे धनबाद और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दक्षिण भारत की यात्रा के लिए एक महत्वपूर्ण सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी।

विद्यार्थियों, श्रमिकों और व्यापारियों को मिलेगा लाभ

धनबाद एक प्रमुख औद्योगिक एवं कोयला क्षेत्र है, जबकि कोयंबटूर दक्षिण भारत का महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र है। दोनों शहरों के बीच सीधी अमृत भारत एक्सप्रेस सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों, श्रमिकों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों एवं आम यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

इस रेल सेवा से झारखंड और दक्षिण भारत के बीच यात्री संपर्क मजबूत होगा तथा रोजगार, शिक्षा, व्यापार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को बेहतर विकल्प मिलेगा।

सांसद ढुलू महतो रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद की जनता को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। धनबाद रेल मंडल देश के महत्वपूर्ण रेल मंडलों में से एक है और यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री विभिन्न राज्यों की यात्रा करते हैं। ऐसे में नई ट्रेनों का परिचालन और बंद ट्रेनों का पुनः संचालन क्षेत्र की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि धनबाद–कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस की स्वीकृति धनबाद की जनता के लिए बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं रेल मंत्रालय के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सांसद ने कहा कि आने वाले समय में धनबाद से देश के अन्य महत्वपूर्ण शहरों के लिए नई रेल सेवाओं, बंद ट्रेनों के पुनः परिचालन, ट्रेनों के मार्ग विस्तार तथा यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े अन्य विषयों को भी प्राथमिकता के साथ रेल मंत्रालय के समक्ष उठाया जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top