कर्माटांड़ कॉलोनी में जलापूर्ति ठप, लोगों ने बीसीसीएल अधिकारियों को बनाया बंधक

कर्माटांड़ कॉलोनी में जलापूर्ति ठप, लोगों ने बीसीसीएल अधिकारियों को बनाया बंधक

डीजे न्यूज, बलियापुर: बीसीसीएल के कर्माटांड़ सेक्टर छह: में दो सप्ताह से भी अधिक दिनों से जलापूर्ति ठप है। इसके खिलाफ कॉलोनी वासियों ने मंगलवार को कॉलोनी परिसर में काफी हंगामा मचाया। पानी के लिए तरस रहे आक्रोशित लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन के विरुद्ध रैली निकाली एवं नारेबाजी की। इस दौरान कॉलोनी में देखभाल के लिए प्रतिनियुक्त बीसीसीएल के पर्सनल ऑफिसर कृष्ण कुमार, संदीप कुमार एवं बीसीसीएल के एक गार्ड को लोगों ने कॉलोनी स्थित बीसीएल के कार्यालय में घंटों बंधक बनाए रखा। लोगों को समझाने बुझाने के बाद अधिकारियों को मुक्त किया गया। कॉलोनी वासियों का कहना है कि दो सप्ताह से अधिक दिनों से कॉलोनी में जलापूर्ति नहीं होने से लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। इस संबंध में कॉलोनी में मेंटेनेंस का कार्य संभाल रहे  कर्मचारियों ने कहा कि बोर होल के सबमर्सिबल पंप में खराबी आने से एक नंबर टंकी में पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे जलापूर्ति प्रभावित है। बताया कि तत्काल जलापूर्ति चालू करने के लिए कॉलोनी के तीन नंबर टंकी से एक नंबर टंकी में कनेक्शन कर सेक्टर 6 में पानी सप्लाई की व्यवस्था की जाएगी। कॉलोनी में पानी के लिए हंगामा की सूचना पाकर कोयला भवन बीसीसीएल की एक टीम भी मौके पर पहुंची। इस दौरान कॉलोनी वासियों ने खाली बर्तन के साथ प्रदर्शन किया। मौके पर मुन्नी कुमारी, दयानंद पासवान, शीतल कुमार, मुकेश कुमार, अशोक कुमार, सुनैना देवी, चिंता देवी, रूबी देवी समेत सैकड़ो थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top