विभिन्न विद्यालयों में किया गया पौधारोपण
डीजे न्यूज, धनबाद: जिले के विभिन्न प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों में सोमवार को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई, जिन्होंने अपने आवंटित विद्यालयों में अपनी देख-रेख में पौधारोपण का कार्य संपन्न कराया।
इस कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय, प्लस 2 उच्च विद्यालय यादवपुर तथा प्लस 2 उच्च विद्यालय नगरकियारी का दौरा कर पौधारोपण किया तथा स्कूलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान विद्यालय का भ्रमण करते हुए उपायुक्त ने सभी प्रभारी प्राचार्य को निर्देश दिया कि आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2026) को ध्यान में रखते हुए वे विद्यालयों की संपूर्ण रूप से साफ-सफाई रखें। साथ ही प्रभारी प्रधानाध्यापकों तथा शिक्षकों द्वारा विद्यालय स्तर पर चलाए जा रहे ‘No Cost – Low Cost’ नवाचारों और प्रयासों का जायजा लिया तथा आवश्यक मार्गदर्शन व निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि इस हरित पहल और निरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य धनबाद जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और स्वतंत्रता दिवस से पूर्व विद्यालयों में स्वच्छ व शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण को हरा-भरा और सुरक्षित बनाने के लिए सामूहिक रूप से वृक्षारोपण शपथ ली। सभी ने प्रत्येक वर्ष कम-से-कम एक पौधा लगाना तथा उसकी पूर्ण देखभाल करने, लगाए गए पौधों को जीवित रखने, जल, वायु एवं प्रकृति को स्वच्छ और सुरक्षित रखने, अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के लोगों को भी अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने तथा हरित धनबाद एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।