सितंबर में होगा झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप
कोच्चि नेशनल के लिए यहीं से होगा खिलाड़ियों का चयन
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड में पिकलबॉल खेल को और मजबूत करने तथा राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक रांची स्थित एसोसिएशन कार्यालय में सचिव प्रभात कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप 2026 के आयोजन और राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 19 एवं 20 सितंबर 2026 को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खेलगांव, रांची में झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। विशेष बात यह है कि 2 से 4 अक्टूबर 2026 को कोच्चि, केरल में होने वाली नेशनल पिकलबॉल चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम के खिलाड़ियों का चयन इसी स्टेट चैंपियनशिप में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
बैठक में प्रतियोगिता को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया। प्रभात कुमार को टूर्नामेंट डायरेक्टर बनाया गया है। संजय पांडे को ऑर्गेनाइजिंग कमिटी का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि ऋषि कुमार और गौरव कुमार को कमिटी में शामिल किया गया है।
प्रतियोगिता के संचालन एवं विभिन्न जिलों के बीच बेहतर समन्वय के लिए समन्वय समिति में प्रभात कुमार, मनोज तिवारी और बी. सुधीर को जिम्मेदारी दी गई है।
रजिस्ट्रेशन की जिम्मेदारी सुमित कुमार और धीरेश प्रतीक को सौंपी गई है। वहीं तकनीकी समिति में धीरेश प्रतीक को तकनीकी हेड तथा सुमित कुमार को सदस्य बनाया गया है।
प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार और मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी दिवाकर दुबे, दिनेश केडिया और मनोज तिवारी को दी गई है। वहीं प्रायोजन एवं सहयोग जुटाने के लिए प्रियरंजन, सुविर सिन्हा और सुमित कुमार को स्पांसरशिप प्रभारी बनाया गया है। कोर्ट मैनेजमेंट की जिम्मेदारी भरत सर और सुरजीत सिंह को सौंपी गई है। वित्तीय व्यवस्था के लिए सुविर सिन्हा, संजय पांडे और योगेश जी फाइनेंस कमिटी में रहेंगे।
बैठक में विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। धनबाद से बी. सुधीर, बोकारो से कौशल सिंह और खरसावां से सुरजीत सिंह उपस्थित रहे। रांची से संजय पांडे, मनोज तिवारी, योगेश , सुमित कुमार, धीरेश प्रतीक, रुपेश कुमार और भरत सर ने बैठक में भाग लिया।
एसोसिएशन के सचिव एवं टूर्नामेंट डायरेक्टर प्रभात कुमार ने कहा कि स्टेट चैंपियनशिप केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि झारखंड के प्रतिभावान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय टीम का चयन किया जाएगा और चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष रखा जाएगा।
एसोसिएशन ने राज्य के सभी जिलों, खिलाड़ियों, अभिभावकों, तकनीकी अधिकारियों और खेलप्रेमियों से प्रतियोगिता में सक्रिय सहयोग एवं भागीदारी की अपील की है। एसोसिएशन का लक्ष्य आगामी स्टेट चैंपियनशिप को भव्य और व्यवस्थित रूप से आयोजित कर झारखंड पिकलबॉल को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है।