दुम्मा में बीसीसीएल का सेवा अभियान जारी, एक सप्ताह में 38 हजार कांवरियों को मिली निःशुल्क चिकित्सा सुविधा

दुम्मा में बीसीसीएल का सेवा अभियान जारी, एक सप्ताह में 38 हजार कांवरियों को मिली निःशुल्क चिकित्सा सुविधा

डीजे न्यूज, देवघर : श्रावणी मेला 2026 के दौरान कांवरियों की सेवा और स्वास्थ्य सुविधा को ध्यान में रखते हुए बीसीसीएल धनबाद क्षेत्र द्वारा झारखंड बॉर्डर के समीप दुम्मा में संचालित निःशुल्क कांवरिया सेवा सह चिकित्सा शिविर ने एक सप्ताह सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।

शिविर में अब तक करीब 38 हजार श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाइयां और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शिविर पहुंचने से आयोजन की उपयोगिता और सेवा भावना स्पष्ट रूप से सामने आई है।

बीसीसीएल धनबाद क्षेत्र की ओर से बताया गया कि श्रावणी मेला के दौरान दूर-दराज से आने वाले कांवरियों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह शिविर संचालित किया जा रहा है।

शिविर में चिकित्सकों, पैरामेडिकल कर्मियों, स्वयंसेवकों, संविदाकर्मियों और अन्य सहयोगियों की टीम श्रद्धालुओं की सेवा में लगातार जुटी हुई है। शिविर का संचालन 28 अगस्त 2026 (राखी पूर्णिमा) तक जारी रहेगा।

बीसीसीएल धनबाद क्षेत्र ने शिविर के सफल संचालन में सहयोग देने वाले प्रदान फाउंडेशन के कर्मचारियों, चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वयंसेवकों, संविदाकर्मियों एवं अन्य सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

बीसीसीएल ने कहा कि “स्वस्थ समाज–सशक्त समाज” की भावना के साथ जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top