विश्व आदिवासी दिवस पर पीरटांड़ में दिखी संस्कृति की अनूठी छटा, संरक्षण का लिया संकल्प
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर शनिवार को पीरटांड़ प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में आदिवासी समाज की भाषा, संस्कृति, परंपरा और विरासत के संरक्षण के साथ इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
मधुबन में आयोजित कार्यक्रम में गिरिडीह के अलावा बोकारो, धनबाद, गोड्डा, दुमका सहित पश्चिम बंगाल और असम से भारत दिसोम आदिवासी संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेश मुर्मू समेत अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में संताली भाषा, संस्कृति, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने वाले संताली क्रिएटर्स और सोशल मीडिया क्रिएटर्स ने भी भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से आदिवासी समाज की आवाज, संस्कृति और परंपराओं को गांवों से लेकर देश-दुनिया तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
इधर, पीरटांड़ प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में भी विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। पालगंज के धावाटांड़ मैदान में भी कार्यक्रम हुआ। पूरे प्रखंड में दिनभर आदिवासी संस्कृति और परंपरा की झलक देखने को मिली। कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के लोगों ने अपनी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को अपनी विरासत से जोड़ने का संदेश दिया।