कोडरमा के प्रसिद्ध ‘केसरिया कलाकंद’ को मिला जीआइ टैग का दर्जा
डीजे न्यूज, धनबाद: रविवार को बैंक मोड़ स्थित डीएमसी मॉल में आयोजित ‘शिल्पोत्सव’ में “कोडरमा केसरिया कलाकंद कल्याण स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड” ने कोडरमा के मशहूर पारंपरिक मिष्ठान “केसरिया कलाकंद” का स्टॉल लगाया था।
समिति ने बताया कि जब उपायुक्त आदित्य रंजन, कोडरमा जिले के उपायुक्त के रूप में कार्यरत रहे थे, तब उन्होंने शिक्षा, साक्षरता, सामुदायिक भागीदारी सहित अनेक क्षेत्र में कई बेहतरीन कार्य किए थे। उनके प्रयास से स्थानीय अर्थव्यवस्था और कारीगरों को बढ़ावा मिला। उन्होंने कोडरमा के डेयरी उद्योग और पारंपरिक मिठाई व्यवसाय, स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ किया।
उन्हीं के प्रयास से कोडरमा के मशहूर पारंपरिक मिष्ठान “केसरिया कलाकंद” को आधिकारिक तौर पर जीआइ टैग (भौगोलिक उपदर्शन) प्रदान किया गया। फलस्वरूप कोडरमा के इस पारंपरिक स्वाद को न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान मिली।
समिति ने बताया कि उपायुक्त के मार्गदर्शन और सार्थक प्रयास से मिले जीआइ टैग ने उनके उत्पाद को नई पहचान दिलाई। उत्पाद की विशिष्ट पहचान सुरक्षित बनी। इसके अनधिकृत बिक्री या नकल पर रोक लगी। केसरिया कलाकंद को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। स्थानीय कारीगरों, हलवाइयों और उद्यमियों के लिए नए रोजगार तथा आय के बेहतर अवसर सृजित हुए। कोडरमा की पारंपरिक कला, स्वाद और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा व संरक्षण मिला।
उन्होंने बताया कि आज भी कोडरमा के डेयरी उद्योग और पारंपरिक मिठाई व्यवसाय से जुड़े लोगों में अपार उत्साह है और धनबाद के उपायुक्त श्री आदित्य रंजन की सराहना करते हैं। स्टॉल भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने समिति से करीब 5 मिनट तक बातचीत की। शुद्ध केसर से बनी केसरिया कलाकंद के अद्भुत स्वाद और खूशबू की प्रशंसा की।