छाताबाद भू धंसान: प्रभावित लोगों का फूटा गुस्सा आउटसोर्सिंग कंपनी का किया चक्का जाम

छाताबाद भू धंसान: प्रभावित लोगों का फूटा गुस्सा

आउटसोर्सिंग कंपनी का किया चक्का जाम

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद-आकाशकिनारी फुटबॉल ग्राउंड के समीप शुक्रवार शाम हुए भीषण भू-धंसान के बाद प्रभावित परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हादसे के दूसरे दिन शनिवार को भी चार परिवारों का घरेलू सामान मलबे के ढेर में दबा रहा और पीड़ित खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। पानी का एकमात्र सहारा तालाब भी गोफ (गड्ढे) में समा चुका है, जिससे पीने से लेकर दैनिक कार्यों तक के लिए जलसंकट खड़ा हो गया है।
प्रशासनिक लापरवाही और बीसीसीएल प्रबंधन के रवैये से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने एसटीजी आउटसोर्सिंग का चक्का जाम कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। इधर, शनिवार को बीसीसीएल हेडक्वार्टर और आईआईटी-आईएसएम (IIT-ISM) की एक्सपर्ट टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में घटनास्थल का जायजा लिया और रिपोर्ट तैयार की। हादसे में अपना सब कुछ गंवा चुकी एक बच्ची ने रोते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की पोल खोल दी। उसने कहा, “जब क्षेत्र में अवैध कोयला खनन हो रहा था, तब हम पुलिस और नेताओं के पास शिकायत लेकर जाते थे। उस समय उल्टे हमें ही डरा-धमकाकर भगा दिया जाता था। आज जब हमारा घर जमींदोज हो गया, तो सब तमाशबीन बनकर फोटो खिंचवाने और भाषणबाजी करने आ रहे हैं।” पीड़ितों का कहना है कि खून-पसीने की कमाई से पाई-पाई जोड़कर घर बनाया था, जो इस बरसात में मिनटों में तबाह हो गया। अब न रहने का ठिकाना बचा है और न ही रोजी-रोटी कमाने का साधन। जिस स्थान पर भू-धंसान हुआ है, वह इलाका अभी भी बेहद संवेदनशील बना हुआ है। शनिवार को पास की मुख्य सड़क पर भी हल्की दरारें दिखाई देने लगीं। इससे आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों के बीच खौफ का माहौल है। अनहोनी की आशंका को देखते हुए कई पड़ोसी अब सुरक्षित स्थानों पर किराए के ठिकाने तलाशने लगे हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बीसीसीएल मुख्यालय और आईआईटी-आईएसएम, धनबाद की संयुक्त टीम ने तकनीकी निरीक्षण किया। इस दौरान कतरास पुलिस के अलावा करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस बल मौके पर तैनात रही। हालांकि, सीओ गिरिजानंद किस्कू और स्थानीय पार्षद मोहम्मद शहाबुद्दीन के पहल पर पीड़ितों के तात्कालिक रहने की व्यवस्था की बात कही जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर राहत नाकाफी साबित हो रही है।

आउटसोर्सिंग का चक्का जाम, अवैध खनन को बताया जिम्मेदार
घटना से उग्र ग्रामीणों ने छाताबाद के पास संचालित एसटीजी आउटसोर्सिंग का काम पूरी तरह ठप करा दिया है और अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि बीसीसीएल और स्थानीय प्रशासन की सरपरस्ती में हो रहे अवैध भूमिगत खनन के कारण यह तबाही हुई है। अगर समय रहते प्रशासन ने चेतावनी पर ध्यान दिया होता, तो कई परिवारों को यूं बेघर न होना पड़ता।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top