राजगंज में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की कलश वंदन यात्रा का भव्य स्वागत

राजगंज में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की कलश वंदन यात्रा का भव्य स्वागत

डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज स्थित श्री हनुमान मंदिर में शुक्रवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के पावन कलश का विधिवत पूजन एवं वंदन किया गया। पूजा-अर्चना के बाद सुबह करीब 11 बजे आयोजित बैठक के समापन उपरांत कलश को रथ पर विराजमान किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने जयकारों के साथ कलश वंदन यात्रा को अगले विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर उपस्थित नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मातृ शक्ति सहित सभी श्रद्धालुओं से यात्रा में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की। लोगों से पीले, गेरुआ अथवा भगवा वस्त्र धारण कर कलश यात्रा का स्वागत करने, दीप प्रज्ज्वलित करने तथा पुष्प वर्षा करने का आग्रह किया गया। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा राजगंज पहुंची थी। यात्रा के आगमन पर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और संत रविदास जी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
आयोजकों ने बताया कि कलश वंदन यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में एकता, सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top