08-09 अगस्त को हर बूथ पर लगेगा मतदाता सहायता शिविर, नाम जोड़ने व संशोधन का मिलेगा अवसर

08-09 अगस्त को हर बूथ पर लगेगा मतदाता सहायता शिविर, नाम जोड़ने व संशोधन का मिलेगा अवसर

डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत जिले की मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से 08 एवं 09 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर का संचालन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित तिथि पर अपने संबंधित मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने की अपील की है। उन्होंने अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले लोगों को फॉर्म भरने से लेकर अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए।

शिविर के दौरान 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले अथवा उससे अधिक आयु के पात्र भारतीय नागरिक फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकेंगे। वहीं जिन परिवारों के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं या जिनका मतदान केंद्र वर्तमान निवास से दूर है, वे फॉर्म-8 के माध्यम से निकटतम मतदान केंद्र पर नाम स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने यह भी बताया कि फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 की प्रक्रिया ECINET App तथा voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन भी पूरी की जा सकती है। उपायुक्त ने नागरिकों से विशेष शिविर का अधिकतम लाभ उठाने और आवश्यकता अनुसार नाम जोड़ने, संशोधन अथवा स्थानांतरण की प्रक्रिया समय पर पूरी करने की अपील की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top