हाईटेक निगरानी में श्रावणी मेला, AI और ड्रोन तकनीक से हर गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर
डीजे न्यूज, देवघर : राजकीय श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम जलार्पण और बेहतर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया है। नेहरू पार्क स्थित एकीकृत मेला नियंत्रण कक्ष (IMCR) से पूरे मेला क्षेत्र की 24 घंटे लाइव निगरानी की जा रही है, जिससे हर गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है।
मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए एआई आधारित कैमरे, फेस रिकॉगनिशन सिस्टम, सीसीटीवी नेटवर्क और ड्रोन कैमरों की मदद से भीड़ प्रबंधन तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कंट्रोल रूम में स्थापित डिजिटल स्क्रीन के जरिए अधिकारी पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए नियंत्रण कक्ष में दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं अन्य कर्मियों की तीन पालियों में 24×7 तैनाती की गई है। इससे किसी भी समस्या या आपात स्थिति का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके साथ ही स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, सफाई, नागरिक उड्डयन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी IMCR में मौजूद रहकर अपने-अपने कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। किसी भी स्थान से शिकायत या आवश्यकता की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई कर रहा है, ताकि बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुखद मेला अनुभव मिल सके।