मुख्यमंत्री ने 58 आधुनिक फायर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
आग से मुकाबले के लिए झारखंड हुआ हाईटेक
डीजे न्यूज, रांची: झारखंड में अग्निशमन सेवाओं को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, गृह रक्षा वाहिनी, धुर्वा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड अग्निशमन सेवा के लिए 58 आधुनिक मिनी वाटर टेंडर विद मिस्ट टेक्नोलॉजी वाहनों का लोकार्पण कर उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगजनी की घटनाओं में समय पर राहत पहुंचना सबसे महत्वपूर्ण होता है। आधुनिक तकनीक से लैस ये छोटे अग्निशमन वाहन संकरी गलियों, घनी आबादी वाले इलाकों और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक आसानी से पहुंच सकेंगे, जिससे आग पर शीघ्र नियंत्रण पाने और जन-धन की हानि को कम करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में फायर सेफ्टी सिस्टम को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मिस्ट टेक्नोलॉजी से लैस इन वाहनों के माध्यम से कम पानी में भी प्रभावी ढंग से आग बुझाई जा सकेगी और राज्य की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता पहले से अधिक सुदृढ़ होगी।
मुख्यमंत्री ने अग्निशमन विभाग के जवानों की सराहना करते हुए कहा कि वे केवल आग बुझाने का कार्य ही नहीं करते, बल्कि जोखिम उठाकर लोगों की जान बचाने का भी महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। सरकार उन्हें आधुनिक उपकरण और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, डीजी फायर सर्विसेज एम.एस. भाटिया, डीजीपी तदाशा मिश्रा सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।