नई जिम्मेदारी मिलते ही एक्शन में दिखे विधायक प्रतिनिधि, सीसीएल कार्यालय और डीएवी स्कूल का लिया जायजा

नई जिम्मेदारी मिलते ही एक्शन में दिखे विधायक प्रतिनिधि, सीसीएल कार्यालय और डीएवी स्कूल का लिया जायजा

डीजे न्यूज, गिरिडीह: झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू द्वारा सिविल सर्जन कार्यालय एवं गिरिडीह सीसीएल परियोजना कार्यालय के लिए विधायक प्रतिनिधि मनोनीत किए जाने के बाद मदन विश्वकर्मा ने गुरुवार से अपने दायित्वों का निर्वहन शुरू कर दिया। उन्होंने सीसीएल परियोजना कार्यालय का निरीक्षण किया, अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्रीय समस्याओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद सीसीएल डीएवी स्कूल पहुंचकर शिक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।

सीसीएल परियोजना कार्यालय में विधायक प्रतिनिधि मदन विश्वकर्मा ने महाप्रबंधक कन्हैया शंकर गैवाल एवं परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा के साथ बैठक की। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों, श्रमिकों की सुविधाओं, जनहित से जुड़े मुद्दों और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के समाधान में पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपील की।

मदन विश्वकर्मा ने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने जिस भरोसे के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उनकी प्राथमिकता आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान, सीसीएल क्षेत्र में बेहतर समन्वय और विकास कार्यों में तेजी लाना होगी। उन्होंने कहा कि जनता और प्रशासन के बीच मजबूत संवाद स्थापित कर सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

इसके बाद उन्होंने सीसीएल डीएवी स्कूल का निरीक्षण किया। विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों से मुलाकात कर शैक्षणिक गतिविधियों, आधारभूत सुविधाओं और विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिक्षा से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी पहल की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन ने भी क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों में समन्वय के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top