डीसी ने बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना रथ को किया रवाना

डीसी ने बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना रथ को किया रवाना

डीजे न्यूज, धनबाद: जिला प्रशासन, धनबाद द्वारा राज्य सरकार एवं भारत सरकार के सौजन्य से संचालित “बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना” (मौसम खरीफ-2026) का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। इस क्रम में गुरुवार को जिला समाहरणालय परिसर से धनबाद के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य लक्ष्य जिले के प्रत्येक कृषक (ऋणी एवं गैर-ऋणी) तक इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ पहुंचाना है। यह जागरूकता रथ जिले की अधिसूचित ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर किसानों को मात्र ₹1 के टोकन शुल्क पर फसल बीमा कराने की प्रक्रिया एवं इसके लाभों के प्रति जागरूक करेगा।

योजना एवं जागरूकता अभियान की मुख्य बातें

किसानों को फसल बीमा कराने के लिए केवल ₹1 का टोकन शुल्क देना होगा। इसके अतिरिक्त बीमा के लिए कोई अन्य शुल्क देय नहीं है।

अधिसूचित फसलें एवं बीमित राशि

अगहनी धान: बीमित राशि ₹76,228 प्रति हेक्टेयर।
भदई मकई: बीमित राशि ₹53,467 प्रति हेक्टेयर।

आवश्यक दस्तावेज:

बैंक पासबुक की छायाप्रति
भूमि स्वामित्व संबंधी प्रपत्र / वंशावली
बटाई प्रमाण पत्र (बटाईदार कृषक होने की स्थिति में)।
फसल बुवाई का स्व-सत्यापित प्रमाण पत्र
आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर।

बीमा कराने के स्थान

किसान अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र (CSC), राष्ट्रीयकृत / क्षेत्रीय ग्रामीण / जिला सहकारी बैंक शाखा, भारत सरकार के PMFBY पोर्टल (www.pmfby.gov.in) या ‘क्रॉप इंश्योरेंस ऐप’ के माध्यम से नामांकन करा सकते हैं।

क्षतिपूर्ति एवं सहायता

प्राकृतिक आपदा, प्रतिकूल मौसम या फसल कटाई के उपरांत नुकसान होने की स्थिति में 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

उपायुक्त ने कृषि एवं सहकारिता विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित कराएं ताकि प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को उचित आर्थिक सुरक्षा प्राप्त हो सके।

मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी पंकज कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी वेद प्रकाश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनिल कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top