हर पात्र मतदाता का नाम सूची में जोड़ने पर प्रशासन का जोर, सत्यापन अभियान शुरू

हर पात्र मतदाता का नाम सूची में जोड़ने पर प्रशासन का जोर, सत्यापन अभियान शुरू

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण SIR के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रारूप मतदाता सूची एवं ASDDF सूची के प्रकाशन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी 2,586 मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है तथा 05 अगस्त से 04 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा होने के बाद प्रारूप मतदाता सूची तैयार की गई है। साथ ही मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, पूर्व से पंजीकृत, अनुपस्थित एवं अन्य श्रेणी के मतदाताओं की ASDDF सूची भी प्रकाशित की गई है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक अपने मतदान केंद्र पर जाकर अपने और परिवार के सदस्यों के नाम का सत्यापन अवश्य करें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो वह निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन कर सकता है।

उन्होंने बताया कि 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी प्रपत्र-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन बीएलओ, ECINET मोबाइल ऐप तथा Voters Portal के माध्यम से भी किए जा सकते हैं।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि 08-09 अगस्त और 22-23 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। वहीं 15 अगस्त को पंचायत भवनों में ग्राम सभाएं आयोजित होंगी और 25 अगस्त से 04 सितंबर तक होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान चलाया जाएगा। दावा एवं आपत्तियों का निष्पादन 03 अक्टूबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को होगा।

उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए समय पर अपने मतदाता विवरण का सत्यापन करें और आवश्यकता होने पर निर्धारित अवधि के भीतर दावा या आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं। निर्वाचन संबंधी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top