नेमरा में दिशोम गुरु की प्रतिमा का अनावरण, 105.2 करोड़ की योजनाओं की सौगात

नेमरा में दिशोम गुरु की प्रतिमा का अनावरण, 105.2 करोड़ की योजनाओं की सौगात

डीजे न्यूज, नेमरा/लुकैयाटांड़,रामगढ़ : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म भूषण से सम्मानित दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित सोना सोबरन +2 उच्च विद्यालय, लुकैयाटांड़ परिसर में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिमा का अनावरण कर अपने पिता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन, रूपी सोरेन सहित परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं आमजन मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को 105.2 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात भी दी। साथ ही विकास मेला-सह-पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में शामिल होकर लाभुकों को योजनाओं का लाभ और प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन उनके परिवार के साथ-साथ पूरे झारखंड, विशेषकर आदिवासी, दलित, पिछड़े और शोषित समाज के लिए भावनात्मक क्षण है। उन्होंने कहा कि गुरुजी ने अलग झारखंड राज्य के सपने को साकार करने में अपना पूरा जीवन समर्पित किया और सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई दिशा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लुकैयाटांड़ में स्थापित की गई यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास, संघर्ष और विरासत से जोड़ने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने समाज में बढ़ रही असामाजिक प्रवृत्तियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इन चुनौतियों का मुकाबला केवल आपसी एकजुटता, भाईचारे और सम्मान की भावना से ही किया जा सकता है। युवाओं से उन्होंने सही दिशा में आगे बढ़ने और महान विभूतियों के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड वीरों और बलिदानियों की धरती है। भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, निर्मल महतो, विनोद बिहारी महतो और दिशोम गुरु शिबू सोरेन जैसे महापुरुषों के संघर्ष ने राज्य को अलग पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों के सपनों का झारखंड बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में राज्य के कई मंत्री, सांसद, विधायक, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top