कतरास के सिलेक्टेड गोविंदपुर में भू-धंसान सात घर जमींदोज
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कतरास इलाके में एकबार फिर हुई भू धंसान की घटना ने लोगों में दहशत का माहौल उत्पन्न कर दिया है। सोनारडीह सहित अन्य जगहों पर हुई इस तरह की घटना के बाद मंगलवार शाम सिलेक्टेड गोविंदपुर में भू धंसान हुई।
बीसीसीएल के एरिया-3 अंतर्गत कतरास के सिलेक्टेड गोविंदपुर में हुई घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। भू-धंसान की चपेट में आने से सात घर जमींदोज हो गए। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लोग समय रहते अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए थे।
भू धंसान की चपेट में संजय दास, हीरो दास, ईश्वर दास, लक्ष्मण बाउरी, राजू भुईया सहित अन्य के घर आए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक जमीन के अंदर से तेज कड़कड़ाहट की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकलकर देखने लगे। इसी दौरान देखते ही देखते उनके घर जमीन में धंस गए। गृहस्वामियों ने कहा कि भगवान ने हमारी जान बचा ली, कुछ पल की देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना पाकर कतरास पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रभावित लोगों में भय का माहौल है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से तत्काल राहत, सुरक्षित पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग की है।