श्रद्धालुओं के लिए देवघर और बासुकीनाथ के बीच विशेष हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हथगड़ मैदान में बने टिकट काउंटर से कर सकते है बुकिंग मात्र ₹2,850 में श्रद्धालु कर सकेंगे बाबाधाम और बासुकीनाथ का आकाशीय परिदर्शन

श्रद्धालुओं के लिए देवघर और बासुकीनाथ के बीच विशेष हेलीकॉप्टर सेवा शुरू

हथगड़ मैदान में बने टिकट काउंटर से कर सकते है बुकिंग

मात्र ₹2,850 में श्रद्धालु कर सकेंगे बाबाधाम और बासुकीनाथ का आकाशीय परिदर्शन

डीजे न्यूज, देवघर: राजकीय श्रावणी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन की सुविधा के लिए झारखंड सरकार द्वारा एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (नागर विमानन) के सौजन्य से मंगलवार से देवघर और बासुकीनाथ के लिए विशेष एवं किफायती हेलीकॉप्टर सेवा की विधिवत शुरुआत की गई है। इस सेवा का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुलभ, सुरक्षित और तीव्र हवाई दर्शन के माध्यम से एक सुखद, मनोरम और यादगार यात्रा का अनुभव प्रदान करना है।

इसके अलावा उपायुक्त ने बताया कि इस विशेष विमानन सेवा का सफल संचालन ‘झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट’ (JFI) के माध्यम से किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहद आकर्षक पैकेज और किफायती दरें निर्धारित की गई हैं, ताकि अधिक से अधिक आम लोग भी इस विहंगम हवाई यात्रा का आनंद ले सकें। आगे उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेले के सफल और सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इस हेलीकॉप्टर सेवा के जुड़ने से वृद्ध, दिव्यांग और दूर-दराज से आने वाले उन श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी जो कम समय में बाबा बैद्यनाथ, बासुकीनाथ और त्रिकुट पर्वत के दर्शन करना चाहते हैं। साथ ही उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को हेलीपैड सुरक्षा, सुचारू संचालन और यात्रियों की सुरक्षा के वैश्विक मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया हैं।

निर्धारित पैकेज एवं किराये की दरें

देवघर आकाशीय परिदर्शन: 07 से 10 मिनट की देवघर आकाशीय परिदर्शन का किराया ₹2,850.00 प्रति व्यक्ति तय किया गया है।

बासुकीनाथ आकाशीय परिदर्शन: 07 से 10 मिनट की हवाई परिक्रमा के लिए ₹2,850.00 प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित है।

देवघर से त्रिकूट परिदर्शन: 10 से 15 मिनट की इस मनोरम हवाई यात्रा के लिए ₹3,750.00 प्रति व्यक्ति देय होगा।

देवघर से बासुकीनाथ एकतरफा यात्रा: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए देवघर से बासुकीनाथ तक एकतरफा उड़ान सेवा भी शुरू की जा रही है। 15 मिनट के इस सफर का किराया ₹4,500.00 प्रति व्यक्ति होगा।

बुकिंग एवं संपर्क सूत्र

हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ उठाने के लिए श्रद्धालु आधिकारिक वेबसाइट www.jharkhandaviation.in पर जाकर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही हथगड़ मैदान बनाए गए टिकट काउंटर से टिकट बुकिंग कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की पूछताछ या सहायता के लिए संपर्क सूत्र 9122583111 भी जारी किया गया है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top