रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह कपल के अध्यक्ष बने सिद्धार्थ जैन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : शहर के होटल संगम गार्डन में रोटरी क्लब ऑफ गिरिडीह कपल का 13वां पदस्थापन समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पार्ट-डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन बिपिन चाचन एवं विशिष्ट अतिथि असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन रवि चुड़ीवाला उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। रोटरी वर्ष 2025–26 के सचिव रोटेरियन अनित खंडेलवाल ने क्लब का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वहीं, निवर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन हरिंदर मोंगिया ने स्वागत भाषण में बीते वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
समारोह के दौरान रोटेरियन सिद्धार्थ जैन ने अध्यक्ष तथा रोटेरियन बलविंदर सिंह सलूजा ने सचिव पद की शपथ लेकर नए सत्र का कार्यभार संभाला। अध्यक्ष सिद्धार्थ जैन ने अपने संबोधन में आगामी वर्ष की सेवा परियोजनाओं और सामाजिक गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी सदस्यों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि बिपिन चाचन ने क्लब द्वारा स्वास्थ्य, जनकल्याण और समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं। असिस्टेंट गवर्नर रवि चुड़ीवाला ने भी नवगठित टीम को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देते हुए जिले में रोटरी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का संचालन स्वाति बगड़िया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन राखी कोहली ने दिया। समारोह में रोटेरियन गुणवंत सिंह मोंगिया, अरविंद कुमार, राखी झुनझुनवाला, राहुल वर्मन, चरणजीत सिंह सलूजा, सतविंदर सिंह सलूजा, जोरावर सिंह, मनजीत सिंह, राजीव रंजन, आशीष तरवे, वैभव शाहाबादी, अमित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।