बीआईटी सिंदरी में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 109 मरीजों ने उठाया लाभ
डीजे न्यूज, धनबाद: बीआईटी सिंदरी के परिसर में रविवार को पाटलीपुत्र अस्पताल, जोड़ाफाटक रोड, धनबाद द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और विशेषज्ञ चिकित्सकों की परामर्श सेवा उपलब्ध कराना था। शिविर में कुल 109 मरीजों ने स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। शिविर में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश झा, यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. प्रतीक शरण, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. मृणाल झा, जनरल सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. अरुण अग्रवाला, दंत चिकित्सक डॉ. विकास कुमार तथा जनरल फिजीशियन डॉ. एस.डी. चौधरी ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
इस दौरान मरीजों की निःशुल्क ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, पल्स तथा डेंटल स्क्रीनिंग की जांच की गई। जांच में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के 32, यूरोलॉजी के 19, जनरल सर्जरी के 18, डेंटल के 15 तथा जनरल फिजीशियन के 25 मरीजों का परीक्षण किया गया। जिन मरीजों में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के संकेत मिले, उन्हें आवश्यक जांच एवं समुचित उपचार के लिए पाटलीपुत्र अस्पताल आने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन ने जानकारी दी कि बीआईटी सिंदरी के सभी कर्मचारियों को पाटलीपुत्र अस्पताल में झारखंड राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत सीजीएचएस दर पर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर की सफलता में बीआईटी सिंदरी के निदेशक डॉ. पंकज राय, प्रशासन विभाग के बी.डी. यादव, डिस्पेंसरी प्रभारी प्रो. चैतन्य शर्मा तथा फार्मासिस्ट बसुदेव त्यागी का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य जांच शिविर समय रहते बीमारियों की पहचान और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पाटलीपुत्र अस्पताल की स्वास्थ्य टीम में राकेश बरनवाल, सोमनाथ सिंह, मुकेश, अभिनाश, अकबर, अमीर, मरजीना, बबीता, पूजा, सुमन और राजन सहित अन्य कर्मियों ने भी शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।