हाइवे पर आवारा पशुओं का कब्जा, हर पल दुर्घटना का खतरा
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): दिल्ली-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-19) पर राजगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर में आवारा पशुओं का जमावड़ा गंभीर दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहा है। शनिवार को बीच हाइवे पर कई मवेशी आराम से बैठे दिखाई दिए, जिससे तेज रफ्तार वाहनों को आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाइवे पर अक्सर गाय, बैल और अन्य पशु बैठ जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है। जिसके कारण इसी जगह पर कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। खासकर रात के समय यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। इसके बावजूद न तो प्रशासन और न ही संबंधित विभाग इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम उठा रहा है।
लोगों ने जिला प्रशासन, एनएचएआई और पशुपालन विभाग से मांग की है कि हाइवे से आवारा पशुओं को तत्काल हटाने तथा उनके स्थायी प्रबंधन की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।