संसद में धनबाद के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया : सांसद ढुलू महतो
पर्यावरण, रेलवे अवसंरचना एवं धनबाद एयरपोर्ट को लेकर केंद्र सरकार से मांगा स्पष्ट जवाब
डीजे न्यूज, धनबाद: सांसद ढुलू महतो ने लोकसभा के मानसून सत्र के दौरान धनबाद के विकास एवं जनहित से जुड़े तीन महत्वपूर्ण विषयों पर्यावरण संरक्षण, रेलवे अवसंरचना के विस्तार तथा धनबाद में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की स्थापना को सदन में प्रमुखता से उठाया। सांसद द्वारा पूछे गए प्रश्नों पर संबंधित मंत्रालयों ने विस्तृत उत्तर प्रस्तुत किए।
धनबाद-बोकारो के पर्यावरण संरक्षण को लेकर सरकार का जवाब
सांसद ढुलू महतो ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से धनबाद-बोकारो क्षेत्र के Comprehensive Environmental Pollution Index (CEPI), औद्योगिक इकाइयों द्वारा पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन, वनीकरण एवं रियल-टाइम पर्यावरण निगरानी प्रणाली को लेकर प्रश्न पूछा।
केंद्र सरकार ने अपने उत्तर में बताया कि वर्ष 2018 में CPCB द्वारा किए गए CEPI आकलन में धनबाद का CEPI स्कोर 59.78 दर्ज किया गया, जिसके आधार पर इसे Other Polluted Area (OPA) की श्रेणी में रखा गया है। वर्तमान दिशा-निर्देशों के अनुसार केवल Critically Polluted Area (CPA) एवं Severely Polluted Area (SPA) के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाती है, इसलिए धनबाद के लिए अलग कार्ययोजना तैयार नहीं की गई। केंद्र सरकार राष्ट्रीय हरित मिशन (GIM), नगर वन योजना (NVY), MISHTI अभियान सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से वनीकरण एवं हरित आवरण बढ़ाने का कार्य कर रही है। देश के 48 शहरों में Air Quality Forecast and Early Warning System (AQEWS) संचालित किया जा रहा है, जिससे प्रदूषण नियंत्रण के लिए समय पूर्व जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।
रेलवे अवसंरचना को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी
सांसद ढुलू महतो ने धनबाद जंक्शन पर बढ़ते रेल परिचालन दबाव, पिट लाइन एवं यार्ड सुविधाओं के विस्तार तथा यात्रियों की सुविधाओं को लेकर रेल मंत्रालय से प्रश्न किया।
रेल मंत्रालय ने अपने उत्तर में बताया कि धनबाद जंक्शन से प्रतिदिन 76 यात्री ट्रेनें एवं लगभग 50 मालगाड़ियां संचालित होती हैं। वर्तमान में स्टेशन पर 7 प्लेटफॉर्म, 16 रेलवे लाइनें, 4 पिट लाइन, 5 स्टेबलिंग लाइन तथा 2 सिक लाइनें उपलब्ध हैं। धनबाद यार्ड में कोच स्टेबलिंग क्षमता बढ़ाने के लिए ₹2.88 करोड़ की परियोजना स्वीकृत की गई है, जिस पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। इससे ट्रेनों के परिचालन एवं रखरखाव में सुविधा मिलेगी। धनबाद–सोननगर तृतीय रेल लाइन (₹7,906 करोड़) सहित कई महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से कार्य जारी है। झारखंड में रेलवे परियोजनाओं के लिए वर्ष 2026-27 में ₹7,536 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है, जो वर्ष 2009-14 की तुलना में लगभग 16 गुना अधिक है। वर्ष 2014 से 2026 के बीच झारखंड में 1,371 किलोमीटर नई रेल लाइन एवं दोहरीकरण कार्य पूरा किया गया, जो पूर्व अवधि की तुलना में लगभग दोगुनी गति से हुआ है।
धनबाद एयरपोर्ट को लेकर केंद्र सरकार का स्पष्ट जवाब
सांसद ढुलू महतो ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से धनबाद में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की स्थापना में आ रही बाधाओं एवं केंद्र सरकार द्वारा किए गए प्रयासों की जानकारी मांगी।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने अपने उत्तर में स्पष्ट किया कि धनबाद में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए अब तक राज्य सरकार की ओर से कोई प्रस्ताव केंद्र सरकार को प्राप्त नहीं हुआ है। ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट नीति-2008 के अनुसार भूमि की पहचान, भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास, वित्तीय व्यवस्था तथा आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करना संबंधित राज्य सरकार अथवा परियोजना विकसित करने वाली एजेंसी की जिम्मेदारी होती है। राज्य सरकार द्वारा प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद ही केंद्र सरकार नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इन विषयों पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई है। अब आवश्यकता है कि राज्य सरकार भी अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध निर्वहन करे, ताकि धनबाद के विकास से जुड़ी योजनाओं को गति मिल सके और क्षेत्र की जनता को उनका पूरा लाभ प्राप्त हो।