नीति आयोग की टीम ने किया धनबाद का दौरा
डीजे न्यूज, धनबाद: भारत सरकार के नीति आयोग के विकास अनुवीक्षण एवं मूल्यांकन कार्यालय (DMEO) की टीम ने प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (PM SVANidhi) योजना के अंतर्गत संचालित Dipstick Assessment Study (DAS) के तहत धनबाद नगर निगम क्षेत्र का दो दिवसीय विस्तृत दौरा किया। अध्ययन का उद्देश्य योजना के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन का आकलन करना तथा स्ट्रीट वेंडर्स को प्राप्त हो रहे लाभों एवं योजना की प्रभावशीलता का मूल्यांकन करना था।
दौरे के क्रम में नीति आयोग के निदेशक संजीव कुमार ने धनबाद नगर निगम के नगर आयुक्त से शिष्टाचार भेंट की तथा विस्तृत प्रश्नावली के माध्यम से Key Informant Interview (KII) आयोजित किया। बैठक के दौरान योजना के प्रशासनिक प्रबंधन, क्रियान्वयन व्यवस्था, परिचालन संबंधी चुनौतियों, क्षमता निर्माण, वित्तीय प्रबंधन तथा विभिन्न संस्थागत पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके उपरांत टीम ने धनबाद नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न बाजारों एवं वेंडिंग स्थलों का भ्रमण कर लाभार्थियों से सीधे संवाद किया। टीम ने कपड़ा विक्रेताओं, चाय-नाश्ता विक्रेताओं, टोकरी निर्माण से जुड़े कारीगरों, नर्सरी संचालकों सहित विभिन्न पथ विक्रेताओं से मुलाकात कर ऋण प्राप्ति की प्रक्रिया, डिजिटल भुगतान के उपयोग, व्यवसाय में हुए विस्तार तथा योजना से उनकी सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति में आए सकारात्मक परिवर्तनों की जानकारी प्राप्त की।
फील्ड सर्वेक्षण के दौरान लाभार्थियों के अनुभव, सुझाव एवं स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली चुनौतियों का भी दस्तावेजीकरण किया गया, जिससे योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं भविष्य की नीतिगत सुधार प्रक्रियाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
इस अध्ययन दल में नीति आयोग के निदेशक संजीव कुमार, कंसल्टेंट रेनू अग्रवाल तथा यंग प्रोफेशनल प्रतीक करगुप्ता शामिल थे। टीम ने दो दिवसीय भ्रमण के दौरान निर्धारित स्थलों पर विस्तृत फील्ड सर्वेक्षण एवं हितधारकों से संवाद कर अध्ययन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया।
धनबाद नगर निगम द्वारा टीम को आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया गया। इस मूल्यांकन अध्ययन से प्राप्त निष्कर्ष एवं सुझाव प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, लाभार्थी-केंद्रित सुधारों तथा भविष्य की नीतिगत निर्णय प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।