महिला उद्यमिता और व्यापार को बढ़ावा देने में ऐसे आयोजन अहम : रागिनी सिंह

महिला उद्यमिता और व्यापार को बढ़ावा देने में ऐसे आयोजन अहम : रागिनी सिंह

डीजे न्यूज, धनबाद: धनसार स्थित होटल रेडिसन ग्रैंड मिराज में गुरुवार को दो दिवसीय ‘रिवाज़ लाइफस्टाइल एग्जीबिशन’ का आयोजन किया गया। विभिन्न राज्यों से आए हस्तशिल्प, डिजाइनर परिधान, ज्वैलरी, सावन स्पेशल कलेक्शन, होम डेकोर सहित अन्य उत्पादों लगाए गये थे। झरिया विधायक रागिनी सिंह ने उत्पादों का अवलोकन किया तथा प्रदर्शनी में शामिल महिला उद्यमियों और कारीगरों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल व्यापारिक प्रदर्शनियां नहीं होते, बल्कि महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों से आईं महिला उद्यमियों और कारीगरों ने अपने हुनर, मेहनत और नवाचार के बल पर अपनी अलग पहचान बनाई है, जो समाज की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव आज देशभर में देखने को मिल रहा है। महिलाएं अब हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज और देश की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे रही हैं।

रागिनी सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय व्यापार को नई गति मिलती है, स्वरोजगार के अवसर बढ़ते हैं तथा धनबाद जैसे शहर व्यापारिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय उद्यमियों को भी ऐसे मंचों से सीखने, नए बाजारों से जुड़ने और अपने उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने का अवसर मिलता है।

विधायक ने प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए सभी आयोजकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन धनबाद के विकास, महिला उद्यमिता के विस्तार और स्थानीय कारीगरों के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top