अजाप्टा हुसैनाबाद ने शिक्षकों की समस्याओं पर किया मंथन

अजाप्टा हुसैनाबाद ने शिक्षकों की समस्याओं पर किया मंथन

सेवा पुस्तिका वितरण में योगदान देने वालों का हुआ सम्मान

डीजे न्यूज, हुसैनाबाद(पलामू) : गुरुवार की देर शाम राजकीयकृत मध्य विद्यालय हुसैनाबाद के प्रांगण में अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ (अजाप्टा) हुसैनाबाद प्रखंड की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मुहम्मद जुबैर अंसारी ने की, जबकि संचालन प्रखंड सचिव निर्मल कुमार ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में नवनियुक्त सहायक आचार्य शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उपलब्ध सीमित संसाधनों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन असंभव नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने अपने शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन करने के साथ-साथ भीषण गर्मी में घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया। इसके बाद आरटीई के मानकों के प्रतिकूल एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान में वॉलंटियर के नाम पर बीएलओ के साथ प्रतिनियुक्ति होने पर उस जिम्मेदारी का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन किया।

वक्ताओं ने कहा कि इतनी जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद नवनियुक्त शिक्षकों को समय पर वेतन नहीं मिला और उनकी सेवा पुस्तिका भी नहीं खोली गई। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए एकमात्र प्रतिबद्ध शिक्षक संगठन अजाप्टा ने लगातार आवाज उठाई, संबंधित अधिकारियों से मुलाकात की और कई बार ज्ञापन सौंपा। संगठन के निरंतर प्रयासों के बाद ही वेतन भुगतान का मार्ग प्रशस्त हो सका।

बैठक में बताया गया कि सभी शिक्षकों की सेवा पुस्तिका खुलवाने के उद्देश्य से अजाप्टा हुसैनाबाद के प्रखंड सचिव निर्मल कुमार, कोषाध्यक्ष जितेंद्र राम, विश्वनाथ प्रसाद, धुरेंद्र पटेल, मनोज कुमार चौधरी, महेंद्र बैठा, प्रमोद पासवान तथा सुनील पासवान ने संयुक्त रूप से रणनीति बनाकर लगातार प्रयास किया। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप लंबे समय से लंबित यह दुष्कर कार्य संभव हो सका।

वक्ताओं ने बताया कि जिला कमिटी के अध्यक्ष सुधीर कुमार दूबे, महासचिव अमरेश कुमार सिंह एवं कार्यकारिणी के सदस्यों की उपस्थिति में सक्षम पदाधिकारी एईओ से सेवा पुस्तिकाओं पर हस्ताक्षर कराए गए। इसके बाद एक सादे समारोह में संबंधित शिक्षकों के बीच सेवा पुस्तिकाओं का वितरण किया गया। उन्होंने दावा किया कि पलामू प्रमंडल में हुसैनाबाद ऐसा इकलौता प्रखंड है, जहां सामूहिक रूप से सेवा पुस्तिका खुलवाकर शिक्षकों के बीच वितरित की गई।

बैठक के दौरान सेवा पुस्तिका खुलवाने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जितेंद्र राम एवं विश्वनाथ प्रसाद को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

बैठक को प्रखंड अध्यक्ष मुहम्मद जुबैर अंसारी, प्रखंड सचिव निर्मल कुमार, पलामू प्रमंडल सोशल मीडिया प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता, संगठन सचिव मनोज कुमार चौधरी तथा धुरेंद्र पटेल ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने संगठन की एकजुटता बनाए रखते हुए शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top