सुदिव्य कुमार ने लाभुकों के बीच किया बैटरी चालित ट्राई साइकिल का वितरण

सुदिव्य कुमार ने लाभुकों के बीच किया बैटरी चालित ट्राई साइकिल का वितरण

डीजे न्यूज, गिरिडीह : दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी स्वतंत्र आवाजाही सुनिश्चित करने की दिशा में गुरुवार को समाज कल्याण विभाग की ओर से नगर भवन में बैटरी चालित ट्राई साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। योजना विभाग के अनटाइड फंड से जिले के करीब 35 दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के लिए सक्षम बनाना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदीव्य कुमार एवं उपायुक्त रामनिवास यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मंत्री ने लाभुकों को ट्राई साइकिल की चाबी सौंपी। बैटरी चालित ट्राई साइकिल मिलने पर लाभुकों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था।

मंत्री सुदीव्य कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बैटरी चालित ट्राई साइकिल दिव्यांगजनों के लिए केवल एक वाहन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, सम्मान और नए अवसरों का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों तक सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले का कोई भी पात्र दिव्यांगजन सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि इस तरह की योजनाएं दिव्यांगजनों के लिए शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन में भागीदारी के नए रास्ते खोलती हैं।

कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर महापौर प्रमिला मेहरा, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सांसद प्रतिनिधि (कोडरमा लोकसभा क्षेत्र), उप महापौर, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता-सह-आईएएस प्रशिक्षु, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top