बलियापुर की खबरें:-
प्रजन्य बीएड कॉलेज की छात्रा ने चित्रकला प्रतियोगिता में मारी बाजी
डीजे न्यूज, बलियापुर: बीबीएमकेयू धनबाद के एनएसएस इकाई की ओर से आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में प्रजन्य बीएड कॉलेज की छात्रा जया कुमारी महतो ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। गुरुवार को कॉलेज के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, सचिव व भाजपा नेत्री तारा देवी, निर्देशक सरोज यादव, प्राचार्य डॉक्टर सजल बनर्जी, प्रोफेसर जलेश्वर महतो आदि ने जया को बधाई दी है। साथ ही उन्हें सम्मानित भी किया गया।
——————————————
बच्चों ने जाना पंचायती राज व्यवस्था की कार्यप्रणाली
बलियापुर: राजकीयकृत मध्य विद्यालय बिरसिंहपुर में गुरुवार को बस्तारहित दिवस मनाया गया। इस क्रम में छात्र-छात्राओं को बिरसिंहपुर पंचायत सचिवालय भवन का भ्रमण कराया गया। पंचायत स्तरीय विकास कार्यों के बारे में छात्र-छात्राओं को जानकारियां दी गई। प्रधान शिक्षक आदित्य मिर्धा ने बच्चों को पंचायत स्तर पर होने वाले जन्म मृत्यु पंजीकरण , नियमित आम सभा के साथ-साथ पंचायतराज व्यवस्था में होने वाले सरकारी कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारियां दी। मौके पर प्रधानाध्यापक आदित्य प्रसाद मिर्धा, दिलीप कुमार, आनंद कुमार, आरएन कुजूर, अरुण कुमार महतो, विपिन कुमार मंडल आदि थे।
—————————————–
शिविर में महिलाओं की हुई हीमोग्लोबिन जांच
बलियापुर: लायंस क्लब की ओर से गुरुवार को बलियापुर बाजार के प्रज्ञा डायग्नोस्टिक सेंटर में महिलाओं के लिए हीमोग्लोबिन एवं ब्लड शुगर जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब डेढ़ दर्जन महिलाओं का हीमोग्लोबिन जांच किया गया। खून की कमी पाए जाने पर महिलाओं को आवश्यक सलाह दी गई । मौके पर क्लब के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, सचिव चितरंजन महतो, गिरधारी लाल अग्रवाल, देवव्रत मुखर्जी, शंकर रविदास, अंकित लिख्मानिया आदि थे।
———————————————
पूर्व जिलाध्यक्ष की भाभी को दी गई श्रद्धांजलि
बलियापुर: भाजपा के पूर्व ग्रामीण जिला अध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर की भाभी व दिवंगत समाजसेवी राकेश ग्रोवर की पत्नी अर्चना ग्रोवर के निधन पर गुरुवार को सरिया बैंक्विट हॉल में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्व ग्रोवर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई । उनकी आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना किया गया। श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सांसद पीएन सिंह, विधायक राज सिन्हा, पूर्व विधायक अपर्णा सेनगुप्ता, ज्ञान रंजन सिन्हा, भाजपा नेत्री तारा देवी, धर्मजीत सिंह, धरणीधर मंडल, शेखर सिंह, उप प्रमुख आशा देवी, घनश्याम ग्रोवर आदि थे।
————————————–
स्कूल में शिक्षक बहाल करने को डीसी को भेजा पत्र
बलियापुर: विधायक चंद्रदेव महतो ने उपायुक्त को पत्र प्रेषित कर राजकीय बुनियादी उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय परसबनिया में शिक्षक की कमी को देखते हुए यथाशीघ्र शिक्षक बहाल करने की मांग की है। विधायक ने कहा है कि उक्त विद्यालय में कक्षा 1 से 12वीं तक कुल 1327 छात्र-छात्राएं अध्यनरत हैं। जबकि शिक्षकों की संख्या मात्र 10 है। शिक्षकों की कमी के कारण विद्यालय का पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी पत्र की प्रति दिया है। वही परसबनिया पंचायत के मुखिया राजाराम रजक ने भी उपायुक्त से विद्यालय में शिक्षक बहाली की मांग की है।