बकरियां बांधते समय ढही घर की सीढ़ी, मलबे में दबकर महिला समेत चार बकरियों की दर्दनाक मौत

बकरियां बांधते समय ढही घर की सीढ़ी, मलबे में दबकर महिला समेत चार बकरियों की दर्दनाक मौत

डीजे न्यूज, तिसरी (गिरिडीह): तिसरी थाना क्षेत्र के भुराय गांव में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय महिला और चार बकरियों की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, भुराय गांव निवासी चेतलाल राय की पत्नी फूलवा देवी घर की सीढ़ी के नीचे बकरियां बांध रही थीं। इसी दौरान करीब 12 वर्ष पहले बनी पक्की सीढ़ी अचानक भरभराकर गिर गई। सीढ़ी के मलबे के नीचे फूलवा देवी और वहां बंधी चार बकरियां दब गईं। महिला के सिर पर गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। चारों बकरियों ने भी घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

सीढ़ी गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर महिला और बकरियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मलबे से निकालने से पहले ही सभी की मौत हो चुकी थी।घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार चेतलाल राय के घर पहुंच गए। पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतका के बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना प्रकट की।

 

 

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top