छात्र-छात्राओं को दी मौलिक व बाल अधिकारों की जानकारी

छात्र-छात्राओं को दी मौलिक व बाल अधिकारों की जानकारी

डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, धनबाद के सचिव मयंक तुषार टोपनो के निर्देश पर मंगलवार को एस.एस. +2 हाई स्कूल, बाघमारा में विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधिक अधिकार मित्रों ने छात्र-छात्राओं को मौलिक अधिकारों, बाल अधिकारों और शिक्षा के अधिकार अधिनियम- RTE के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही नालसा की नई ‘स्पृहा’ योजना और स्पॉन्सरशिप योजना की जानकारी भी दी गई। विधिक अधिकार मित्रों ने बताया कि इन योजनाओं के तहत अनाथ, आर्थिक रूप से कमजोर, कैदियों के आश्रित और अपराध से पीड़ित परिवारों के बच्चों को पढ़ाई जारी रखने के लिए आर्थिक मदद, मुफ्त कानूनी सहायता और पुनर्वास की सुविधा मिलती है। इस दौरान बच्चों को साइबर सुरक्षा के नियम और नशे के दुष्प्रभावों से बचने के उपाय भी बताए गए। कानूनी सहायता के लिए राष्ट्रीय टोल-फ्री नंबर 15100 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुशांत पांडेय, शिक्षिका सावित्री बास्की, सुनिता सिंह और शिक्षक शशिकांत पांडेय मौजूद थे। शिविर को सफल बनाने में विधिक अधिकार मित्र संजय, रणधीर भारती, विवेकानंद मिश्रा और राजू कुमार साव ने सहयोग किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top