लोकसभा में सांसद ढुलू महतो ने नियम 377 के तहत उठाया मुद्दा धनबाद–दिल्ली स्पेशल को नियमित सुपरफास्ट बनाकर माता वैष्णो देवी कटरा तक विस्तार देने का किया आग्रह

 

लोकसभा में सांसद ढुलू महतो ने नियम 377 के तहत उठाया मुद्दा

धनबाद–दिल्ली स्पेशल को नियमित सुपरफास्ट बनाकर माता वैष्णो देवी कटरा तक विस्तार देने का किया आग्रह

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद एवं झारखंड के लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग धनबाद–दिल्ली– माता वैष्णो देवी कटरा सीधी रेल सेवा को लेकर धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने एक बार फिर लोकसभा में आवाज उठाई। सांसद ने लोकसभा के नियम 377 के अंतर्गत यह महत्वपूर्ण विषय सदन के समक्ष रखते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से धनबाद–दिल्ली स्पेशल ट्रेन को नियमित सुपरफास्ट सेवा के रूप में संचालित करने तथा उसका विस्तार माता वैष्णो देवी कटरा तक किए जाने का आग्रह किया।

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि यह मुद्दा वे पहले भी लगातार उठाते रहे हैं। उन्होंने बताया कि 04 फरवरी 2026 को लोकसभा के अतारांकित प्रश्न संख्या 750 के माध्यम से भी उन्होंने इस विषय को सदन में रखा था। रेल मंत्रालय की ओर से दिए गए उत्तर में 13151/52 कोलकाता–जम्मू तवी एक्सप्रेस तथा 22317/18 सियालदह–जम्मू तवी हमसफर एक्सप्रेस का उल्लेख किया गया था, लेकिन इन ट्रेनों में धनबाद, गोमो, पारसनाथ और कोडरमा के यात्रियों के लिए अत्यंत सीमित RLWL कोटा उपलब्ध है। इसके कारण झारखंड के यात्रियों को पर्याप्त सुविधा नहीं मिल पा रही है।

उन्होंने कहा कि आज भी झारखंड से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के लिए कोई सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं है। वर्तमान में संचालित 03309/10 धनबाद–दिल्ली स्पेशल इस पूरे क्षेत्र के यात्रियों की जीवनरेखा बन चुकी है। ऐसे में इस ट्रेन को नियमित सुपरफास्ट सेवा का दर्जा देकर श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक विस्तारित करना समय की आवश्यकता है।

सांसद ढुलू महतो ने नियम 377 के अंतर्गत अपने सुझाव में यह भी कहा कि यदि ट्रेन धनबाद से वर्तमान समय पर प्रस्थान करते हुए अगले दिन प्रातः लगभग 5:00 बजे नई दिल्ली तथा दोपहर लगभग 2:00 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुँचे, तो इससे झारखंड और बिहार के लाखों श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों, कामगारों एवं अन्य यात्रियों को सीधी, तेज और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। संसद से लेकर रेल मंत्रालय तक वे लगातार क्षेत्र के रेल विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं और आगे भी तब तक प्रयास जारी रखेंगे, जब तक धनबाद–दिल्ली–श्री माता वैष्णो देवी कटरा की नियमित एवं सीधी रेल सेवा शुरू नहीं हो जाती।

सांसद ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस महत्वपूर्ण मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा, जिससे झारखंड और बिहार के लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top